नालागढ़ (बद्दी) 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन में बद्दी पुलिस का विशेष अभियान “गन डाउन” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज भी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए।
इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पहले मामले में पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव भुड, तहसील बद्दी को दबिश देकर हिरासत में लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर व 9 जिंदा राउंड मिले। आरोपी ने सोशल मीडिया पर रिवॉल्वर व पिस्टल के साथ तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए थे।
जबकि दूसरे मामले में पुलिस ने सौरव पुत्र हुक्म चन्द, निवासी मखनुमाजरा, तहसील बद्दी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पिस्टल/रिवॉल्वर के साथ तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए थे, जबकि उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।
बद्दी पुलिस ने बताया कि साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया प्रोफाइलिंग कर ऐसे अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है। अभियान के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








