चंडीगढ़, 1अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के कार्डियोलॉजी विभाग में गत दिवस विश्व हृदय दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष का वैश्विक थीम “Don’t Miss a Beat” रहा।
संगोष्ठी की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. यश पाल शर्मा ने की। उन्होंने संतुलित आहार, कार्बोहाइड्रेट सेवन कम करने, प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने और सामान्य हीमोग्लोबिन स्तर बनाए रखने को हृदय स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में फैकल्टी, रेज़िडेंट और स्टाफ ने गंभीर मरीजों को समय पर उपचार देने और मरीज प्रबंधन में प्राथमिकता तय करने पर चर्चा की।

इस अवसर पर निवारक हृदय रोग विज्ञान, जीवनशैली में सुधार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जागरूकता फैलाई गई।
गौरतलब है कि पीजीआईएमईआर का कार्डियोलॉजी विभाग वर्ष 2023 में न्यूज़वीक द्वारा विश्व के सर्वश्रेष्ठ विशेष अस्पतालों में शामिल किया गया था।









