/वार्ड नंबर-2 अर्की में शरद पूर्णिमा पर रात्रि जागरण

वार्ड नंबर-2 अर्की में शरद पूर्णिमा पर रात्रि जागरण

“बरलाज” के रूप में राम कथा का भी किया आयोजन ।

सोलन(अर्की) 8 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

गत दिवस शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अर्की के वार्ड नंबर 2, स्थित देव मनहोल माँ मनशा देवी मंदिर में भक्ति और आस्था का विशेष आयोजन किया गया।

यह जानकारी देते हुए आशा परिहारने बताया कि इस अवसर पर अर्की की कीर्तन मंडली की बहनों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माँ मनशा देवी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर कमेटी द्वारा शरद पूर्णिमा के दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

रात्रि में विशेष रूप से स्थानीय भाषा में “बरलाज” के रूप में राम कथा का आयोजन किया गया, जिसमें कथा वाचक अग्नि के चारों ओर परिक्रमा करते हुए पूरी रामायण का श्रवण कराते हैं। यह परंपरा रातभर चलती रही और प्रातः तक श्रद्धालु कथा में डूबे रहे।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि स्थानीय लोक संस्कृति और परंपरा को सहेजने का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।