/बद्दी पुलिस की अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई

बद्दी पुलिस की अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई

नालागढ़ (बद्दी) , 9 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/वर्मा।

औद्योगिक नगरी बीबीएन के पुलिस थाना मानपुरा की टीम ने अवैध खनन गतिविधियों के विरुद्ध आज विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मानकपुर खड्ड क्षेत्र में छापेमारी के दौरान एक जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए, जो अवैध खनन कार्य में संलिप्त पाए गए।

पुलिस द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में लिया गया है तथा इनके विरुद्ध खनन अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।

बद्दी पुलिस ने आम जन से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध खनन या इस प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे कार्यों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।