/कर्नाटक सरकार द्वारा मासिक धर्म पर अवकाश का स्वागत — अल्का लांबा

कर्नाटक सरकार द्वारा मासिक धर्म पर अवकाश का स्वागत — अल्का लांबा

महिला गरिमा और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

नई दिल्ली, 10 अक्तूबर ,
हिमनयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने कर्नाटक सरकार के उस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है, जिसके तहत महिलाओं को प्रत्येक माह एक दिन का वेतन सहित मासिक धर्म अवकाश प्रदान किया जाएगा।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लाम्बा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह कदम केवल एक नीति नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सच्ची संवेदनशीलता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं को सामाजिक असहजता और नीतिगत उपेक्षा के कारण अनदेखा किया जाता रहा है, लेकिन कर्नाटक सरकार ने इस निर्णय के माध्यम से उस मौन को तोड़कर देश के सामने एक मिसाल कायम की है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने देश के सभी मुख्यमंत्रियों और राज्य सरकारों से आग्रह किया है कि वे भी इस दूरदर्शी और संवेदनशील पहल से प्रेरणा लेते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और अधिकारों की दिशा में ठोस कदम उठाएँ।

अलका लाम्बा ने कहा कि यह निर्णय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उस दृष्टि और संकल्प को और सशक्त करता है, जिसके केंद्र में महिला सशक्तिकरण, समान अवसर और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार निहित है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल आने वाले समय में मासिक धर्म समानता और महिला कल्याण पर एक व्यापक सामाजिक विमर्श को जन्म देगी।