शिमला, 8 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गत दिवस शिमला में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्मरणोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् केवल हमारा राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि जीते-जागते राष्ट्र की आत्मा है, जिसने भारत की आज़ादी की लड़ाई में अनगिनत देशभक्तों को प्रेरणा दी।”
उन्होंने कहा कि “भारत की एकता, अखंडता और स्वाधीनता के महायज्ञ में वंदे मातरम् का योगदान अतुलनीय रहा है।

आज जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब यही राष्ट्रगीत हमारे कर्म और संकल्प का मार्गदर्शक मंत्र बन गया है।”
ठाकुर ने आगे कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के हृदय में प्रवाहित वह भावना है जो हमें मातृभूमि की माटी, उसकी सुगंध और उसकी अस्मिता से जोड़ती है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रगीत के सम्मान में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम राष्ट्रगीत के गौरव और राष्ट्रनायकों के योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
ठाकुर ने देशवासियों से अपील की कि वे 7 नवम्बर से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक देशभर में आयोजित वंदे मातरम् गायन कार्यक्रमों में भाग लेकर राष्ट्रगीत और राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं एकता का भाव व्यक्त करें।










