/दाडलाघाट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 613 ग्राम चरस के साथ दो युवक किए गिरफ्तार

दाडलाघाट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 613 ग्राम चरस के साथ दो युवक किए गिरफ्तार

सोलन ( दाडलाघाट ), 9 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

थाना दाडलाघाट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 613 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08/09 नवम्बर 2025 की रात्रि को थाना दाडलाघाट की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि शिमला की ओर से एक आल्टो कार दाडलाघाट की दिशा में आ रही है, जिसमें दो व्यक्ति सवार हैं जो भारी मात्रा में चरस लेकर सप्लाई के इरादे से जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 613 ग्राम चरस बरामद की गई।

वाहन में सवार आरोपियों की पहचान राय सिंह (उम्र 19 वर्ष) पुत्र श्री राजेंद्र सिंह तथा राजेंद्र सिंह (उम्र 39 वर्ष) पुत्र श्री मनी राम, दोनों निवासी गांव रीहा, डाकघर मुंड, तहसील ठियोग, जिला शिमला (हि.प्र.) के रूप में हुई।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर कब्जे में लिया और दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 83/2025 दिनांक 09-11-2025 धारा 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा, तथा उनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी।