सोलन, 9 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
सोलन पुलिस ने अपनी त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के तहत 23 वर्षीय विशेष रूप से सक्षम (श्रवण एवं वाणी बाधित) युवती को मात्र 48 घंटे के भीतर खोज निकालकर सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया।
मिली जानकारी के मुताबिक़ गत 7 नवम्बर को अनिल कुमार निवासी सोलन ने थाना सदर सोलन में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। युवती सुन और बोल नहीं सकती थी, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तुरंत खोज अभियान शुरू किया। तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के माध्यम से युवती की गतिविधियों का पता लगाया गया।
सोलन पुलिस ने बद्दी, कालका और चंडीगढ़ क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद युवती को चंडीगढ़ से सकुशल बरामद किया गया।
बरामदगी के उपरांत पुलिस ने युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले किया, जिन्होंने सोलन पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सोलन पुलिस की यह कार्रवाई न केवल उनकी तत्परता और दक्षता को दर्शाती है, बल्कि विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों की सुरक्षा और संवेदनशीलता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी उदाहरण है।









