/सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप पर सोलन का कब्ज़ा

सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप पर सोलन का कब्ज़ा

सोलन 11 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के इंदौरा में 8 और 9 नवम्बर को आयोजित हिमाचल प्रदेश सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जिला सोलन के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष फ्री स्टाइल कुश्ती चैंपियनशिप पर कब्ज़ा जमाया।

सोलन के खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, दमखम और अनुशासन के बल पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेशभर में जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने वाले सभी पहलवान अब आगामी सीनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो दिसंबर माह में गुजरात में आयोजित की जाएगी।

यह जानकारी देते हुए सोलन जिला के कुश्ती कोच जॉनी भगत जो जय महावीर कुश्ती अकादमी, नालागढ़ के संचालक हैं, ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठोर अभ्यास, समर्पण और टीम भावना के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि सोलन के इन युवा खिलाड़ियों ने यह सिद्ध किया है कि अगर लगन और मेहनत हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।

जॉनी भगत, ने बताया कि यह जीत पूरे जिले के लिए गर्व की बात है और अब सभी विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं।

जिला सोलन के खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर सभी पहलवानों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।