4 दिसंबर धर्मशाला विरोध प्रदर्शन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा
नूरपुर 21 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में संगठन से जुड़े विविध मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक का मुख्य फोकस 4 दिसंबर को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में होने वाले भाजपा के विशाल विरोध प्रदर्शन की तैयारियों पर रहा।

इस दौरान नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने तीन वर्ष के कार्यकाल का जश्न मनाना चाहती है, जबकि जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं और राहत के लिए तरस रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन तीन वर्षों में सरकार ने युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों, किसानों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित हर वर्ग को परेशान करने के अलावा कोई जनकल्याणकारी कार्य नहीं किया।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी वर्ग, सेवानिवृत्त कर्मचारी और सैनिक समुदाय भी वर्तमान सरकार की नीतियों से गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा विभिन्न सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक सुलह विपिन सिंह परमार, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी शर्मा, नूरपुर जिला भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









