बद्दी पुलिस ने युवाओं को जागरूक किया
नालागढ़(बद्दी), 23 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
नशा उन्मूलन अभियान को लेकर दून विधानसभा क्षेत्र में जागरूकता की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। रविवार को सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) थाना में दून के विधायक राम कुमार के नेतृत्व में एंटी-चिट्टा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एसडीएम बद्दी संजीव धीमान भी उपस्थित रहे।
रैली में विशेष रूप से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी, अशोक वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, नशे के नेटवर्क को तोड़ने और “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ सामाजिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए पुलिस और समाज दोनों को मिलकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी।
वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों, नशा तस्करी की बढ़ती चुनौतियों तथा इससे निपटने में पुलिस एवं समाज की संयुक्त जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला।

रैली विद्यालय से शुरू होकर आसपास के क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता संदेशों के साथ संपन्न हुई।
आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी दून विधानसभा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में इसी प्रकार नशा जागरूकता कार्यक्रम और रैली आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित किया जा सके।








