/खनन गतिविधियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित

खनन गतिविधियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित

सोलन 3 दिसंबर
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /वर्मा

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला प्रशासन सोलन ज़िला की भू सम्पदा को सुरक्षित रखने के लिए कृत संकल्प है और सभी सम्बद्ध विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि ज़िला में केवल विधि द्वारा स्थापित नियमानुसार ही खनन कार्य हों। मनमोहन शर्मा आज बद्दी में खनन गतिविधियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।


मनमोहन शर्मा ने कहा कि खनन को संचालित करने के लिए विभिन्न नियम बनाए गए हैं। प्रदेश एवं ज़िला में इन नियमों के अनुसार ही खनन स्वीकृतियां प्रदान की जाती हैं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार खनन से जहां बहुमूल्य भू सम्पदा का वैज्ञानिक दोहन सुनिश्चित होता है वहीं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगता है। उन्होंने विभिन्न सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों, विशेष रूप से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में खनन गतिविधियों को नियमानुसार संचालित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन यह सुनिश्चित बना रहा है कि अवैध खनन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहे। पुलिस, खनन, लोक निर्माण, राजस्व एवं वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के साथ आज बैठक के माध्यम से इस विषय पर सारगर्भित चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय निवासियों से भी खनन गतिविधियों के विषय में सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इन पर चर्चा उपरांत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।


उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सम्बद्ध विभाग यह सुनिश्चित बनाए कि खनन, क्रशिंग तथा इससे सम्बन्धित परिवहन गतिविधियों पर रात्रि काल में पूर्ण प्रतिबंध रहे। उन्होंने नालागढ़ तथा बद्दी उपमण्डल प्रशासन को खनन गतिविधियों के नियमन के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।


उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि समूचे क्षेत्र में अपंजीकृत वाहनों को नियमानुसार रोका जाए और आवश्यकता पड़ने पर विधि सम्मत कार्यवाही की जाए।


बैठक में पुलिस, राजस्व, वन विभागों ने इस दिशा में सारगर्भित सुझाव प्रस्तुत किए।


पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, वनमण्डलाधिकारी नालागढ़ विकल्प यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, उपमण्डलाधिकारी बद्दी डॉ. संजीव धीमान, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया, पुलिस उपाधीक्षक भीष्म ठाकुर एवं योगराज सहित अन्य विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।