विधायक बाबा हरदीप सिंह ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत ।
सोलन (रामशहर) 9 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुनाह में आज शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस समारोह में नालागढ़ हल्का के विधायक बाबा हरदीप सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि के पाठशाला प्रांगण में पहुंचते ही विद्यालय प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बच्चों ने फूलमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने विद्यालय में निर्मित नए कमरों का लोकार्पण भी किया।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश डोगरा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई गई और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों ने सरस्वती वंदना से की। इसके पश्चात प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के नृत्य, गीत और विभिन्न प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि बाबा हरदीप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलता है।
उन्होंने बच्चों को सामाजिक व देशभक्ति कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और साथ ही उन्हें नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से दूर रहने की कड़ी हिदायत भी दी।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने विद्यालय के मेधावी, अनुशासित, नियमित उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं, तथा सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायतों के प्रधान सतपाल ठाकुर, बालकिशन, पूर्व प्रधान बाबूराम ठाकुर, धर्मणा पंचायत के प्रधान रामचंद्र, दाताराम ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष मानसिंह, रामराज, थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अनेक विभागों के कर्मचारी, प्रबुद्ध नागरिक, अभिभावक एवं सैकड़ों बच्चे उपस्थित रहे।









