/दून विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव तक पहुंचेगी आदर्श अधोसंरचना सुविधाएं- राम कुमार

दून विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव तक पहुंचेगी आदर्श अधोसंरचना सुविधाएं- राम कुमार

नालागढ 02 जुलाई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /नयना वर्मा

मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका ध्येय है। राम कुमार आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सौडी में अभिन्नदन समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक सड़क, बिजली, पानी, गुणवत्तायुक्त शिक्षा की सुविधा पहंुचाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे है।


मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि सरकार लोगों के कल्याणर्थ विकास नीतियों को लागू कर उनके लाभ सभी क्षेत्रों तथा सभी वर्गों को एक समान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में दून विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्येक गांव के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं घर-द्वार उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सौडी और साई की जो समस्याएं स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष रखी है उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सौडी की सड़कों पर पुलिया तथा डंगे का कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर लगभग 15 पुलियों का निर्माण किया जाएगा।


राम कुमार ने सौडी गांव में एक बड़े टैंक निर्माण के लिए 05 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया जिससे स्थानीय लोगों की पेयजल समस्या का निदान होगा। उन्होंने ग्राम पंचायत सौडी तथा साई में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 15 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को इन कायों को तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नालागढ़ से साई हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को सुचारू रूप से चलाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने बद्दी-साई मार्ग पर बिछी पेयजल पाईप लाइन की मुरम्मत निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के सम्बन्धित अधिकारी को भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि साई क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का मामला उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बद्दी बस स्टैण्ड से साई तक एक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा तथा इस सड़क को शिमला मार्ग से जोड़ा जाएगा जिससे पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को आवाजाही में सुगमता मिलेगी।
उन्होंने महिला मण्डल सौडी को अपने ऐच्छिक निधि से आवश्यतानुसार समान क्रय करने के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।


उन्होंने ग्राम पचंायत सौडी और साई में लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में इनके निपटारे के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सौडी के प्रधान पवन कुमार, ग्राम पंचायत साई के प्रधान मनसा राम, ग्राम पंचायत सौडी के उप प्रधान राम पाल, ग्राम पंचायत नालका के उप प्रधान मस्त राम, ग्राम पंचायत सौडी के पूर्व प्रधान राम प्रकाश, ग्राम पंचायत सौडी के पूर्व उप प्रधान केदार नाथ, ग्राम पंचायत साई के पूर्व उप प्रधान नसीब चंद, पूर्व प्रधान राम प्रकाश, पूर्व सैनिक निका राम, रामसरण, वार्ड सदस्य, महिला मण्डल की सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।