रिज़ल्ट के इंतज़ार में भटक रहे हैं युवा, सरकार कर रही है युवाओं के साथ धोखा
शिमला 22 जुलाई,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /नयना वर्मा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के लंबित परीक्षा परिणामों को जारी न करके युवाओं के साथ धोखा कर रही हैं। रिज़ल्ट के इंतज़ार में आज प्रदेश के युवा भटक रहे हैं। नेताओं और सरकारी दफ़्तरों के चक्कर लगा रहे हैं । लाखों नौकरियों का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस सरकार नईं नौकरियां देना दूर जिन पोस्ट कोड की सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं, उनके परिणाम भी नहीं घोषित कर रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के लंबित परिणामों को अविलंब जारी करने के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रिज़ल्ट के इंतज़ार में शिमला में डेरा डाले युवा अभ्यर्थी धर्मशालाओं और सरायों में रहने को विवश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न करें और हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग सभी पोस्ट कोड के रिजल्ट जारी करने का रास्ता निकाले। उन्होंने कहा कि जिन पोस्ट कोड में किसी प्रकार की अनियमितता का मामला नहीं चल रहा है, उनके परिणाम एक हफ़्ते के भीतर घोषित करें और जिन पोस्ट कोड में अनियमितता की जाँच चल रही है, उन भर्तियों को भी पूरा करने का रास्ता निकाले और जल्दी से जल्दी सभी भर्ती प्रक्रिया को पूरी की जाए।










