नालागंढ (रामशहर )13 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो / तरूण गुप्ता

लोक निर्माण विभाग मंडल के रामशहर उपमंडल के अधीन पड़ने रामशहर स्वारघाट सडक 5 अगस्त को भारी बारिश के चलते अवरुद्ध हो गई थी लेकिन विभाग अभी तक इसे यातायात के लिए योग्य नहीं बना सका है जिस के कारण 7 पंचायत के ग्रामीणों में विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त हैं ।
ग्रामीणों में धनीराम, राजू ,ओम प्रकाश, हरि ओम, शिवम ,मस्तराम, गोरखू राम,बाबूराम चमन लाल एवं अन्य लोगों ने बताया कि 5 अगस्त को भारी बारिश के चलते कालरी जोहड़ी के पास करीब 300 फीट सड़क पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी लेकिन दो महीने का समय होने के बावजूद अभी तक विभाग उक्त जगह पर वैकल्पिक सड़क मार्ग नहीं बना पाया है ।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से 7 पंचायतों के ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचता है । इसके साथ ही यह सड़क मार्ग सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ नैना देवी जी एवं बिलासपुर मंडी मनाली जाने के लिए सबसे कम दूरी वाला मार्ग है और समय के साथ पैसे की भी काफी बचत होती है ।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कालरी जोहड़ी के पास वैकल्पिक सड़क मार्ग न होने के कारण किसानो को अपनी नगदी फसलें मडियो में समय पर न पहुंच पाने के कारण काफी आर्थिकी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा स्कूली कॉलेज आईटीआई आने जाने वाले छात्र-छात्राओं एवं औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन एवं रोजगार कर्मचारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग और सरकार से यहां पर शीघ्र वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की है ताकि यातायात बहाल हो सके।

इस विषय में लोकनिर्माण विभाग रामशहर के सहायक अभियंता आईसी शर्मा ने बताया कि इस मार्ग पर दोपहिया और कार के लिए मार्ग खोल दिया गया है । यहां पर वैकल्पिक मार्ग के लिए जगह नहीं है, इसलिए यहां डंगा लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें एक माह का समय लग सकता है।










