/शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक – राम कुमार

शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक – राम कुमार

नालागढ 15 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /नयना वर्मा

मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। राम कुमार आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के छात्रों की चार दिवसीय राज्य स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे।


उन्होंने कहा कि एक युवा को भविष्य का प्रतिभा सम्पन्न नागरिक बनाने में पुस्तकें और खेल बराबर भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ खेलों और व्यायाम को भी नियमित समय दें। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि समाज के बेहतर निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का नशे से बचाव महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर युवाओं को नशे से दूर रखना होगा।


उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की और आशा जताई कि यह चार दिवसीय प्रतियोगिता छात्रों को भविष्य का उत्तरदायी नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होगी।


मुख्य संसदीय सचिव ने खेल प्रतियोगिता में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 05 हजार रुपए नकद राशि प्रदान की। उन्होंने स्कूल की मुरम्मत के लिए 05 लाख रुपए तथा स्कूल के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से शीघ्र ही बॉक्सिंग शेड बनवाने की घोषणा की।


निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा घनश्याम चंद ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए कार्यरत है। निदेशालय यह सुनिश्चित बना रहा है कि शिक्षा क्षेत्र की विभिन्न नीतियों को समयबद्ध लागू किया जाए। उन्होंने विजेता छात्रों को बधाई दी और सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।


इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला की खेल प्रतियोगिता सह प्रबंधक व प्रधानाचार्य बबीता परमार ने मुख्य संसदीय सचिव का चार दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिभागियों के खाने-पीने व रहने के लिए 2 लाख 1 हजार रुपए की सहयोग धनराशि के लिए आभार व्यक्त किया।

राज्य स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में राज्य के 580 छात्रों ने भाग लिया।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में शिमला प्रथम, मण्डी द्वितीय तथा सिरमौर तृतीय स्थान पर रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता में शिमला पहले, सोलन दूसरे तथा सिरमौर तीसरे स्थान पर रहे।
खो-खो प्रतियोगिता में हमीरपुर प्रथम, सोलन द्वितीय तथा मण्डी तृतीय स्थान पर रहे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में ऊना पहले, सिरमौर दूसरे तथा मण्डी तीसरे स्थान पर रहे।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मण्डी प्रथम, किन्नौर द्वितीय तथा शिमला तृतीय स्थान पर रहै। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में सोलन विजेता रहा।
खण्ड कांग्रेस समिति दून के अध्यक्ष कुलतार ठाकुर, ग्राम पंचायत थाना के प्रधान बलविंदर सिंह, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के उप प्रधान हितेन्द्र सोनू, ग्राम पंचायत भटोलीकलां के उप प्रधान बिल्लू खान, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत मंधाला भागचंद शर्मा, प्रारम्भिक शिक्षा उप निदेशक सोलन संजीव ठाकुर, समाजसेवी अशोक कुमार, संजय बंसल व हरभजन सिंह, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला की प्रधानाचार्य बबीता परमार, शिक्षा संघ के महासचिव वीर सिंह ठाकुर, एसएमसी के प्रधान शिव सिंह, सोलन क्रीडा प्रभारी महेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक क्रीडा ललिता नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।