/बीबीएन के टोल टोल टैक्स बैरियर की नीलामी 43.07 करोड़ रुपए में सम्पन्न।

बीबीएन के टोल टोल टैक्स बैरियर की नीलामी 43.07 करोड़ रुपए में सम्पन्न।

जतिन्द्रा ऐसोसिएटस ने गत वर्ष की तुलना में 25.05 प्रतिशत की बढ़ौतरी पर लिए बीबीएन के टोल।

नालागढ़ 22 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

प्रदेश राजस्व कर एवं आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व ज़िला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी 43.07 करोड़ रुपए में की गई है। नीलामी एवं निविदा प्रक्रिया गत देर सांय सम्पन्न हुई।


मिली जानकारी के मुताबिक उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता की।

ज़िला आबंटन समिति में दक्षिण ज़ोन के ज़ोनल समाहर्ता विवेक चौहान, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त उज्जवल सिंह राणा तथा उप आयुक्त कर एवं आबकारी सोम दत्त शर्मा उपस्थित रहे।

सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व ज़िला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.63 करोड़ रुपए अधिक प्राप्त हुए हैं। गत वर्ष इस नीलामी से 34.44 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व ज़िला बद्दी के टोल टैक्स बैरियर नीलामी प्रक्रिया से गत वर्ष की तुलना में 25.05 प्रतिशत की बढ़ौतरी हुई है।

उप आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ के 12 टोल टैक्स बैरियर, नीलामीकर्ता जतिन्द्रा ऐसोसिएटस को प्राप्त हुए। नीलामी प्रक्रिया में कुल 03 नीलामीकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नीलामी प्रक्रिया में राजस्व ज़िला बद्दी के बद्दी एवं बरोटीवाला तथा ढेरोवाल इकाईयों की नीलामी हुई।


उन्होंने कहा कि ढेरोवाल इकाई के 06 टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वर्ष 2024-25 में कुल 17.75 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी 12.72 करोड़ रुपए में हुई थी।

सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी से 25.32 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की नीलामी से 16 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में बद्दी एवं बरोटीवाला के 06 बैरियर की नीलामी से 21.72 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे।

उप आयुक्त ने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत बद्दी, झाड़माजरी रोड वाया सन सिटी, बरोटीवाला, गोरखनाथ मंदिर (गोरखनाथ-शाहपुर रोड़), कालुझण्डा तथा रामपुर जग्गी (ट्रक यूनियन बरोटीवाला) सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 89 लाख 20 हजार 10 रुपए निर्धारित किया गया था।

उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत गुल्लरवाला, नवगांव, बघेरी, ढेरोवाल, दभोटा तथा रतयोड़ सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 13 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपए निर्धारित किया गया था।

सोमदत्त शर्मा ने कहा कि राजस्व ज़िला बद्दी की दोनों टोल टैक्स बैरियर इकाई के लिए वर्ष 2024-25 में नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 37.88 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया था।

उन्होंने कहा कि यह टोल टैक्सी बैरियर प्रथम अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2025 तक की समय-सीमा के लिए नीलाम किए गए हैं।


राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त देवकांत प्रकाश खाची एवं अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।