नालागढ़, 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गत दिवस नालागढ़ महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने लेफ्टिनेंट पूजा कश्यप के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैडेट्स ने अपने विचार निडरता से प्रस्तुत किए और महिला शिक्षा, समानता और स्वावलंबन पर जोर दिया। छात्राओं ने प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस मौके पर कैडेट्स ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्षों को रेखांकित करते हुए जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स को उनके योगदान के लिए सराहा गया।
यह आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत किया।