शिमला 05 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
ज़िला सोलन में पोषण अभियान के अंतर्गत सातवां पोषण पखवाड़ा 08 से 22 अप्रैल, 2025 तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी ज़िला कार्यक्रम अधिकारी सोलन डॉ. पदम शर्मा ने दी।
डॉ. पदम शर्मा ने कहा कि सातवें पोषण पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों से बच्चों में मोटापे को दूर करने के लिए स्वस्थ जीवनशैली, समुदाय आधारित पोषण प्रबंधन, जीवन के पहले 1000 दिनों पर विशेष बल तथा पोषण ट्रैकर सम्बन्धी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उक्त अवधि में समुदाय आधारित गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पोषण के बारे में जागरूक किया जाएगा।
लोगों को कुपोषण व एनीमिया को कम करने तथा जनजातीय, पारम्परिक व स्थानीय खानपान पद्धतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
ज़िला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी से आग्रह किया कि वह पोषण पखवाड़े को सफल बनाने में अपना योगदान दे।






