/नालागढ़ खनन माफिया का पुलिस पर जेसीबी से हमला ,सिपाही घायल, दो गिरफ्तार

नालागढ़ खनन माफिया का पुलिस पर जेसीबी से हमला ,सिपाही घायल, दो गिरफ्तार

नालागढ 23 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में अवैध खनन माफिया द्वारा पुलिस की टीम पर जेसीबी से हमला करने का मामला सामने आया है ।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बघेरी की लुहन खड्ड में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जोगों पुलिस चौकी की छह सदस्यीय टीम पर खनन माफिया ने जेसीबी मशीन से जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना में एक सिपाही और एक स्थानीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाही की टांग जेसीबी की चपेट में आने से टांग टूट गई, और उसे तत्काल मुताबिक चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने दो आरोपियों नालागढ़ निवासी रवि दास और रूप लाल को हिरासत में ले लिया है। तीसरा आरोपी निर्मल उर्फ नींमू अभी फरार हैए और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

डीएसपी नालागढ़ भीषम ठाकुर ने पत्रकारो को बताया कि पुलिस की टीम अवैध खनन के खिलाफ नियमित कार्रवाई कर रही थी, लेकिन माफिया ने सुनियोजित ढंग से हमला किया। उन्होंने कहा. हमारा एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है। हम इस मामले में कठोर कार्रवाई कर रहे हैं. और फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस ने इस घटना में शामिल सात जेसीबी मशीनों और दस टिप्पर वाहनों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई मशीनों और वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है ताकि अवैध खनन के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि नालागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन माफिया का बोलबाला लंबे समय से चला आ रहा है। यह पहली बार नहीं है जब खनन माफिया ने कानून के रखवालों पर हमला किया हो।