निगम सोलन के कार्यालय में आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
सोलन 13मई,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /कमल चौहान
जिला सोलन के नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना चरण 2.O के लिए सर्वेक्षण शुरू हो गया है। योजना का लाभ लेने के लिए शहरवासी नगर निगम सोलन के कार्यालय का रुख कर रहे हैं।
पीएमएवाई 2.O के आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। नगर निगम सोलन के निवासी दस्तावेजों की जांच के पहले चरण के लिए 30 मई 2025 तक योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद आवेदनों को आगे बढ़ा दिया जाएगा।
आवेदक अपने दस्तावेज नगर निगम सोलन के कार्यालय में जमा कर सकते हैं, इसके अलावा वे अपने वार्ड के संबंधित पार्षद के पास भी अपने दस्तावेज जमा कर सकते हैं। आवेदक पीएमएवाई 2.O साइट पर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें कार्यालय में भी दस्तावेज जमा करने होंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के तहत आवेदकों को मकान बनाने के लिए 2.50 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा। जबकि, प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में यह अनुदान केवल 1.85 लाख रुपए था। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर निगम सोलन में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए एक विशेष टीम तैनात की गई है। आप नगर निगम सोलन में आ कर के अपने सभी संदेहों पे चर्चा कर सकते हैं।
पीएमएवाई 2.O के लिए पात्रता
यह योजना आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के लिए है, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख तक है। वे आय प्रमाण पत्र, जमाबंदी और ततीमा देकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, आवेदकों को पक्का मकान न होने का स्वयं शपथ पत्र भी देना होगा। आवेदक नगर निगम सोलन का स्थाई निवासी होना चाहिए और आवेदक के पास नगर निगम सोलन की तय सीमा में जमीन होना आनिवार्य है। आवेदक के नाम राशन कार्ड और आधार कार्ड होने जरूरी हैं।
आवेदक ऑन लाइन दिए गए लिंक पे भी स्वयं या लोकमित्र केंद्र से आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन लिंक: https://pmaymis.gov.in/PMAYMIS2_2024/PMAY-
urban-2.html









