बिना हेलमेट के चालान पर सख़्त कार्यवाही,औधोगिक नगरी बीबीएन में जनवरी से मई तक 24394 चालान करने के बावजूद भी नही सुधर रहे नियमो की अवेहलना करने वाले ।
नालागढ 31 मई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा
जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए, ट्रैफिक पुलिस बद्दी द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जनवरी 2025 से मई 2025 के बीच बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख़्त कार्यवाही की गई।
यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि इस अवधि में कुल 24,394 चालान बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर जारी किए गए। यह कदम सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है, क्योंकि आंकड़े बताते हैं कि हेलमेट न पहनने की वजह से दुर्घटनाओं में जानमाल की हानि की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
ट्रैफिक पुलिस विभाग आम नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमेशा हेलमेट पहनें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हमारा लक्ष्य – सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित जीवन।









