शिमला 7 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला के मॉल रोड पर बिछड़ गए एक बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवाया।
मिली जान कारी के मुताबिक वाकया शुक्रवार शाम साढ़े नौ से दस बजे के बीच का है, जब हिमाचल के मुख्यमंत्री रोजाना की तरह शाम के समय माल पर चहलकदमी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मॉल रोड पर एक सैलानी बच्चा जोर-जोर से रोता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने बच्चे से रोने के बारे में जाना तो मालूम हुआ कि वह अपने अभिभावकों से बिछूड़ गया है।
मुख्यमंत्री ने एक अभिभावक के नाते बच्चे को प्यार और दुलार दिया व उसे आश्वस्त किया कि वह उसे माता-पिता से मिलाने के बाद ही घर जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने उससे माता-पिता के बारे में पूछा और वायरलेस पर लॉग करवाई। इसके बाद बच्चे के नंबर बताने पर फोन पर उसकी बात माँ से करवाई गई।
बात होने से पहले जब बच्चा ज्यादा रो रहा था तो मुख्यमंत्री ने उसे पानी पिलाया व स्टाफ को बोलकर चॉकलेट भी खिलाई।
बच्चा जब तक सामान्य हुआ तब तक उसके माता-पिता भी पहुंच गए। पुलिस ने पूरी जांच-पड़ताल के बाद उसे अभिभावकों को सौंप दिया।
इस दौरान काफी संख्या में पर्यटक भी एकत्रित हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस अपनेपन की जमकर तारीफ की और कहा कि राज्य का मुखिया ऐसा ही होना चाहिए, जिसमें इस तरह की संवेदनशीलता हो।









