नालागढ़, 3 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
नालागढ़ उपमंडल के बहरोटा गांव में लगातार हो रही भारी बारिश से भूजल स्तर इतना ऊपर आ गया है कि हैंडपंपों से बिना चलाए ही पानी बाहर निकल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है। हैंडपंप से स्वतः बहता पानी देखकर लोग हैरान हैं और इसे लेकर चिंता भी जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश से खेतों में नमी अधिक हो गई है और कई जगहों पर पानी उभर कर सतह तक आ गया है। इससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारी वर्षा के कारण भूजल स्तर असामान्य रूप से ऊपर आ गया है, जिससे हैंडपंप में दबाव बढ़कर पानी स्वतः बाहर निकल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति का अनुभव नहीं किया।









