/मुख्यमंत्री ने की पर्यटन निवेश संवर्धन परिषद की पहली बैठक

मुख्यमंत्री ने की पर्यटन निवेश संवर्धन परिषद की पहली बैठक

शिमला, 3 सितम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटन क्षेत्र में बड़े निवेश को बढ़ावा देने के लिए गठित पर्यटन निवेश संवर्धन परिषद की पहली बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में 50 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली परियोजनाओं को सुगमता से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने सात विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी निवेश प्रस्तावों पर 30 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो हजारों परिवारों को आजीविका प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि नई परियोजनाओं की अनुमोदन प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया जाएगा। फिलहाल विभाग ऑफलाइन कार्य कर रहे हैं, लेकिन जल्द ही पूर्णतः डिजिटल प्रणाली लागू होगी। निवेशकों के लिए एक सामान्य चेकलिस्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि सभी आवश्यक जानकारी केवल एक बार ही मांगी जाए और अनावश्यक देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हिमाचल प्रदेश अपार प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण निवेश-अनुकूल राज्य है। कई प्रतिष्ठित कंपनियां यहां निवेश करने में रुचि दिखा रही हैं और सरकार उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।”

बैठक में एचपीटीडीसी अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली, सलाहकार (अवसंरचना) अनिल कपिल, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, निदेशक (पर्यटन) विवेक भाटिया, वन बल प्रमुख संजय सूद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।