/PGIMER चंडीगढ़ के एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर के नॉन-फैकल्टी स्टाफ ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए दी आर्थिक सहायता

PGIMER चंडीगढ़ के एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर के नॉन-फैकल्टी स्टाफ ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए दी आर्थिक सहायता

चंडीगढ़, 10 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

पंजाब में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जन-धन की भारी क्षति के मद्देनज़र, पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़ के एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर (APC) के नॉन-फैकल्टी स्टाफ ने राहत कार्यों में सहयोग के लिए आगे आकर संवेदनशील पहल की है।

प्रशासनिक कर्मचारियों, लैब टेक्नीशियनों, फार्मासिस्टों, नर्सिंग स्टाफ, वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों ने मिलकर स्वेच्छा से योगदान दिया।

इस सामूहिक प्रयास से ₹55,000 (पचपन हज़ार रुपये) की राशि एकत्र की गई, जिसे आज भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब शाखा को सौंपा गया है, ताकि इसे बाढ़ प्रभावित परिवारों की राहत एवं पुनर्वास में उपयोग किया जा सके।

इस अवसर पर प्रो. अरुण बंसल, एडमिनिस्ट्रेटिव इंचार्ज, एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर ने स्टाफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “यद्यपि यह योगदान सीमित है, लेकिन यह संवेदनशीलता, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर का स्टाफ इस आपदा की घड़ी में पंजाब की जनता के साथ खड़ा है और आशा करता है कि यह सहयोग प्रभावित परिवारों को कुछ राहत प्रदान करेगा।”