/विक्रमादित्य सिंह ने केरल अर्बन कॉन्कलेव कोच्चि में हिमाचल का किया प्रतिनिधित्व

विक्रमादित्य सिंह ने केरल अर्बन कॉन्कलेव कोच्चि में हिमाचल का किया प्रतिनिधित्व

कोच्चि, 12 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो।


लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को केरल अर्बन कॉन्कलेव में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर केन्द्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केरल के मुख्यमंत्री पिणराई विजयन भी उपस्थित रहे।

सम्मेलन में विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप जलवायु संवेदनशील शहरी विकास मॉडल साझा किया और राज्यों के बीच आपसी सहयोग एवं सतत विकास को बढ़ावा देने पर बल दिया।

उन्होंने ‘कल के पहाड़’ विजन के तहत संतुलित विकास और संरक्षण की रणनीति प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य ने जलवायु परिवर्तन और तेज शहरीकरण की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि हिमाचल ने क्लाइमेट इंटेलिजेंस नेटवर्क, ढलानों की जैव-इंजीनियरिंग, वर्षा जल संचयन, झरनों का पुनर्जीवन और आधुनिक जल प्रबंधन जैसी पहल की हैं। साथ ही 5 हजार करोड़ रुपये के हिमाचल ग्रीन डेवलपमेंट फंड, कार्बन क्रेडिट से आय और पर्यटन आधारित इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जैसी योजनाओं की शुरुआत की गई है।

अक्षय ऊर्जा में 2400 मेगावाट क्षमता स्थापित कर हिमाचल शत-प्रतिशत नवीकरणीय बिजली उत्पादन करने वाला पहला राज्य बन गया है। राज्य ने स्मार्ट सिटी प्रबंधन, कचरा पुनर्चक्रण, इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन और ‘केवल कार’ जैसी पहलों से शहरी जीवन को अधिक सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य किया है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2040 तक हिमाचल को क्लाइमेट-पॉजिटिव राज्य बनाना है, ताकि 2047 तक इसे विश्व का अग्रणी पर्वतीय विकास मॉडल स्थापित किया जा सके।