दवाओं की खेप चेक करने के बावजूद आरटीओ ने किया ट्रक का चालान।
आगरा (मध्य प्रदेश) 13 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के बद्दी से मुंबई (महाराष्ट्र) दवाइयों की खेप लेकर जा रहे एक ट्रक चालक ने मध्य प्रदेश के आगरा में आरटीओ कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर इस का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक देर रात वाहन को सड़क किनारे खड़ा किए हुए था, तभी मध्यप्रदेश आरटीओ टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी की बिल्टी मांगी।
आरटीओ कर्मियों ने संदेह जताया कि ट्रक में शराब हो सकती है। चालक ने तलाशी देने की अनुमति दी, लेकिन रात का समय होने के कारण और दो कर्मियों के सादे कपड़ों में होने के कारण बिल्टी प्रस्तुत करने से इनकार कर दिया।
चालक की माने तो इसके बाद चालक गाड़ी को ले कर सीधे नज़दीकी पुलिस थाने पहुंचा।
जहां कुछ देर बाद आरटीओ कर्मी भी थाने पहुंचे, पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। जांच में वाहन से शराब बरामद नहीं हुई।
चालक का आरोप है कि आरटीओ कर्मियों ने उसका मोबाइल फोन लेकर वीडियो डिलीट कर दिया और बाद में वाहन का चालान कर दिया।
हालांकि, चालक का कहना है कि उसने घटना का वीडियो पहले ही अपने परिचित को भेज दिया था।
पुलिस ने मामले की पुष्टि की है और घटना से संबंधित तथ्यों की जांच जारी है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से लोगों की संवेदना ट्रक ड्राइवर के प्रति बढ़ती ही जा रही है।









