सोसायटी और यूनियन आमने-सामने; 25 सितंबर को होगा बड़ा फैसला
नालागढ़ 15 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

नालागढ़ ट्रक यूनियन और बद्दी-नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर्स को-ऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड के बीच चल रहा विवाद तूल पकड़ गया है। अब दोनों संस्थाएं खुलकर आमने-सामने आ गई हैं।

करीब 5,000 ऑपरेटरों के सदस्यत्व वाली इन दोनों संस्थाओं में से एक पंजीकृत सोसायटी है, जबकि दूसरी अपंजीकृत यूनियन। लंबे समय तक दोनों साथ काम करती रहीं, मगर हाल ही के मतभेदों ने टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

आज नालागढ़ में सोसायटी की ओर से आयोजित जलसे में भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जिंदू ने घोषणा की कि आगामी 25 सितंबर को यूनियन की कार्यकारिणी को भंग कर नए चुनाव करवाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ऑपरेटरों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए सोसायटी को यह कदम उठाना पड़ रहा है।

वहीं, नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह और महासचिव दिनेश कौशल ने सोसायटी के फैसले को सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि यूनियन को भंग करने का अधिकार केवल यूनियन की कार्यकारिणी और अध्यक्ष के पास है।

उनका दावा है कि ट्रक यूनियन 1952 से सक्रिय है, जबकि सोसायटी का गठन वर्ष 2000 में हुआ। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव की अवधि अभी शेष है, इसलिए चुनाव का प्रश्न ही नहीं उठता।

ट्रक ऑपरेटरों की राय भी बंटी हुई नजर आ रही है। कई सदस्य यूनियन पदाधिकारियों से असंतुष्ट होकर अपनी शिकायतें सोसायटी तक पहुँचा चुके हैं।

अब सबकी निगाहें 25 सितंबर पर टिकी हैं, जब इस विवाद का अगला अध्याय सामने आएगा।










