यूनियन के भीतर गुटबाज़ी तेज़, पुलिस अलर्ट।
नालागढ़, 15 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
नालागढ़ ट्रक यूनियन का आज होने वाला जलसा तनावपूर्ण माहौल में शुरू होने जा रहा है। यूनियन अध्यक्ष हरभजन सिंह द्वारा हाल ही में लिए गए कुछ फैसलों को लेकर सदस्यों में गहरी नाराज़गी पाई जा रही है। इससे यूनियन के भीतर दो गुटों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, यूनियन का असंतुष्ट गुट आरोप लगा रहा है कि अध्यक्ष हरभजन सिंह ने कुछ अहम निर्णय बिना परामर्श और पारदर्शिता के लिए हैं। यही कारण है कि यूनियन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
हरभजन सिंह दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक के बड़े भाई भी हैं, जिसके चलते इस विवाद को राजनीतिक रंग लेने की भी आशंका जताई जा रही है।

संभावित हंगामे को देखते हुए थाना प्रभारी नालागढ़ अपनी पूरी टीम के साथ स्थल पर रवाना हो गए हैं। ऑपरेटर्स यूनियन परिसर में सदस्य जुटना शुरू हो गए हैं और कुछ ही देर में जलसा प्रारंभ होने की संभावना है।
पुलिस ने हालात पर नज़र बनाए रखी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि ट्रक यूनियन में बढ़ता असंतोष आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों पर भी असर डाल सकता है। यूनियन का बड़ा जनाधार होने के कारण इसके भीतर की गुटबाज़ी को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।










