/25वें महा सम्मेलन से पहले नालागढ़ में सीपीआई का हुंकार।

25वें महा सम्मेलन से पहले नालागढ़ में सीपीआई का हुंकार।

सरकार से अवैध खनन रोकने की मांग

नालागढ़, 16 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) तहसील कमेटी नालागढ़ की बैठक आज कामरेड के.एस. कुंडल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 25वां महा सम्मेलन रहा, जो 21 से 25 सितम्बर, 2025 तक चंडीगढ़ में आयोजित होगा,रहा इस सम्मेलन का शुभारंभ 21 सितम्बर को एक ऐतिहासिक रैली से होगा।

बैठक में यह तय किया गया कि नालागढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे और सम्मेलन को सफल बनाएंगे।

बैठक में नालागढ़ और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा की गई। प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि अवैध खनन से किसानों की उपजाऊ भूमि लगातार नष्ट हो रही है। इससे खेती-बाड़ी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और किसानों की आजीविका खतरे में पड़ रही है।

साथ ही यह भी कहा गया कि बद्दी से नालागढ़ तक की सड़कें अत्यंत दयनीय स्थिति में हैं, जिसके कारण आम जनता और उद्योगों दोनों को यातायात संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने मांग उठाई कि सरकार इन सड़कों की स्थिति को तुरंत सुधारे।

बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित हुआ कि जिन किसानों की जमीनें और फसलें हालिया प्राकृतिक आपदाओं के कारण बर्बाद हुई हैं, उन्हें सरकार द्वारा उचित और समयबद्ध मुआवजा दिया जाए।

सीपीआई ने बिजली उपभोक्ताओं पर बोझ डालने वाले स्मार्ट मीटरों का भी कड़ा विरोध किया। पार्टी का कहना था कि इन मीटरों से गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं और सरकार को इस नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।

बैठक में कामरेड नरेश घई, दिलीप राणा, भाग सिंह चौधरी, यशपाल, मोहन लाल, धर्मपाल, सुरिंदर सिंह, सतीश शर्मा, लीला राणा, कमलेश धीमान, राम सिंह, सतबीर सिंह और रामगोपाल शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर तत्काल कार्यवाही नहीं की, तो सीपीआई बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रम शुरू करेगी।