/प्रदेश में 2,600 से अधिक युवाओं की भर्ती से मजबूत होंगी विद्युत सेवाएं

प्रदेश में 2,600 से अधिक युवाओं की भर्ती से मजबूत होंगी विद्युत सेवाएं

शिमला, 21 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) में बड़े पैमाने पर भर्ती का निर्णय लिया है। सरकार ने 1,602 बिजली उपभोक्ता मित्रों और 1,000 टी-मेट पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की है।

दशकों बाद यह पहली बार होगा जब किसी सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की नियुक्ति की जाएगी।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह कदम फील्ड स्टाफ की भारी कमी को दूर करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। वर्तमान में टी-मेट के 4,009 स्वीकृत पदों में से 3,049 खाली पड़े हैं, जिससे परिचालन और सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी। अब सरकार ने जिला स्तर पर रिक्तियों के अनुसार 1,602 बिजली उपभोक्ता मित्रों की नियुक्ति का निर्णय लिया है।

बिजली उपभोक्ता मित्रों की भर्ती एक अधिकृत सरकारी एजेंसी के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को दसवीं पास होने के साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल/वायरमैन ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

प्रवक्ता के अनुसार, फील्ड कर्मचारी एचपीएसईबीएल की रीढ़ हैं, जो आपदाओं के समय बिजली बहाल करने और क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यबल को सुदृढ़ करने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान अब तक 23,191 युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार दिया जा चुका है। भविष्य में भी युवाओं के लिए रोजगार और स्व-रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।