बीबीएन में गौ-सेवा अभियान:
बीबीएन, 22 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
बीबीएन क्षेत्र में राष्ट्रीय गौरक्षक सेना और राष्ट्रीय गौरक्षक दल ने संयुक्त रूप से गौ-सेवा अभियान चलाकर दो घायल नंदी और एक खड्ड में गिरी गौ माता का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

राष्ट्रीय गौरक्षक सेना के जिला अध्यक्ष निर्मल सिंह राणा को सूचना मिली थी कि झाड़माजरी ओलंपिक चौक और बुरावाला के समीप दो नंदी महाराज घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे और उनका उपचार किया।

इसी दौरान प्रदेश संयुक्त सचिव (राष्ट्रीय गौरक्षक दल) अजय अग्रवाल की अगुवाई में दोनों संगठनों की टीम ने एक गौ माता को भी बचाया, जो दो दिन से अधिक समय से गहरे खड्ड में गिरी हुई थी। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और बिलावली गोशाला भेज दिया। वहीं घायल नंदी महाराजों को हांडा कुड़ी स्थानांतरित किया जाएगा।

बचाव अभियान के उपरांत दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक भी हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि बीबीएन क्षेत्र में सभी गौवंश को चरणबद्ध तरीके से गौशालाओं तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, स्थानीय लोगों से इस पुनीत कार्य में सहयोग की अपील की गई।










