सितंबर माह में अब तक कुल 33 दोपहिया वाहन जब्त।
नालागढ़ (बद्दी), 23 सितंबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस जिला बद्दी में विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सितंबर माह में अब तक कुल 33 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इन वाहनों में से कई बिना नंबर प्लेट के पाए गए, जबकि कुछ मामलों में चालकों ने नंबर प्लेट को काली टेप से ढक रखा था या उसे इस प्रकार तोड़-मरोड़कर लगाया गया था कि वाहन का नंबर स्पष्ट रूप से पढ़ा न सके। इसके अतिरिक्त, कई चालकों के पास आवश्यक वैध दस्तावेज़ भी उपलब्ध नहीं थे।

मिली जानकारी के मुताबिक सभी मामलों में बद्दी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को कब्जे में लिया है।

इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर हमेशा वैध और स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएँ, साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएँ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।







