/कुमारहट्टी खेल परिसर में तीसरी राजा वीरभद्र सिंह स्मारक बैडमिंटन प्रतियोगिता कल से

कुमारहट्टी खेल परिसर में तीसरी राजा वीरभद्र सिंह स्मारक बैडमिंटन प्रतियोगिता कल से

अपने मेहमानों के लिए तैयार है कुमारहट्टी का खेल परिसर

सोलन(कुमारहट्टी), 24 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ मनमोहन सिंह

हिमाचल के शिवालिक की वादियों में बसा कुमारहट्टी इन दिनों खेल उत्सव का केंद्र बना हुआ है। तीसरी राजा वीरभद्र सिंह स्मारक बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए यहां का खेल परिसर पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।

गुरुवार से शुरू हो रही इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देश के 16 राज्यों से 638 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनके साथ लगभग 100 प्रशिक्षक, अंपायर, लाइन जज और तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश चौहान ने बताया कि दर्शकों के लिए 1500 सीटों की व्यवस्था की गई है और उम्मीद है कि प्रतिदिन 1000 से अधिक दर्शक प्रतियोगिता का आनंद लेंगे।

आयोजन समिति के सदस्य और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भूमेश जोशी ने कहा कि खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं परिसर के भीतर उपलब्ध करवाई गई हैं।

प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की आठ बार की राज्य चैंपियन और हाल ही में वियतनाम से तीन अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर लौटीं सरगुन अरोड़ा भी मौजूद रहेंगी।

इस प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह करेंगे।