/नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन की कार्यकारिणी भंग, 28 नवंबर को होंगे चुनाव

नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन की कार्यकारिणी भंग, 28 नवंबर को होंगे चुनाव

विवाद का शांतिपूर्ण समाधान, सोसायटी ने संभाला कार्यभार

नालागढ़ 25 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा


दी नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन और दी बद्दी–नालागढ़ ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स सोसायटी (पंजीकृत) के बीच लंबे समय से चला विवाद आज वीरवार को जनरल जलास के बाद समाप्त हो गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यूनियन की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर दिया जाए और आगामी 28 नवंबर को नई कार्यकारिणी के चुनाव करवाए जाएंगे।

कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें दून के विधायक राम कुमार चौधरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, के.एल. ठाकुर, राणा लखविंदर सिंह और हरप्रीत सैनी शामिल रहे।

नेताओं ने यूनियन सदस्यों के बीच बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कार्यकारिणी भंग कर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने का सुझाव दिया।

जनरल जलास द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर यूनियन के निवर्तमान प्रधान चौधरी हरभजन सिंह को साथ लेकर ट्रांसपोर्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी को कार्यभार सौंपा गया।

सोसायटी अध्यक्ष जतिंदर सिंह जिंदू ने कार्यभार संभालते हुए बताया कि न्यायालय में लंबित मामले को भी आपसी सहमति से वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

इस अवसर पर ऑपरेटरों के लिए बैठक और भोजन की व्यवस्था की गई थी। सदस्यों ने विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए सोसायटी का आभार जताया।


उधर दी बद्दी नालागढ़ ट्रांसपोर्ट को ऑपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष जतिंदर सिंह जिंदू ने बीबी एन के सभी ऑपरेटर्स का दिल की गहराइयों से आभार जताया । उन्होंने कहा कि सभी ऑपरेटर्स हमारे कहने पर अपनी आवाज उठाने के लिए हाजिर हुए हम सभी का आभार व्यक्त करते है और ऑपरेटर्स की समस्याओं के समाधान के लिए दिन रात खड़े मिलेंगे।