/चंडीगढ़ में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मेगा स्वास्थ्य शिविर

चंडीगढ़ में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मेगा स्वास्थ्य शिविर

चंडीगढ़, 25 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के तहत सेक्टर-25 स्थित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आज मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ।

एनएचएम यूटी चंडीगढ़ और पीजीआईएमईआर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर में टीबी जांच व एक्स-रे, कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया व स्त्री रोग संबंधी स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही टीकाकरण, पोषण व आहार परामर्श, रक्तदान, एबीएचए आईडी पंजीकरण और टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए गए।

पीजीआईएमईआर निदेशक डॉ. विवेक लाल ने महिलाओं को परिवार और समाज की धुरी बताते हुए स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, जबकि एनएचएम नोडल अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और टीकाकरण कवरेज को और बढ़ाने पर जोर दिया।

300 से अधिक महिलाओं ने विशेषज्ञ परामर्श और मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया। कार्यक्रम को स्थानीय समुदाय और स्वास्थ्य कर्मियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।