नालागढ़, 26 सितंबर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा।
थाना नालागढ़ के अंतर्गत महादेव क्षेत्र में पंजैहरा-नालागढ़ रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल (नं० HP12R-6085) पर सवार कर्मजीत सिंह उर्फ कर्मू अपनी पत्नी के साथ नालागढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप (नं० HP24E-3143) से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण कर्मजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी का इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना नालागढ़ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के किनारे खड़े होने से दुर्घटनाओं का खतरा अक्सर बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।