नालागढ़ रामशहर, 25 सितंबर
भारी बरसात से क्षतिग्रस्त होने के कारण दो माह से बंद पड़ा बद्दी–साईं–बायला–रामशहर बस रूट सोमवार को फिर से शुरू कर दिया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक नालागढ़ ने हरी झंडी दिखाकर रूट को बहाल किया।
रूट शुरू होने पर क्षेत्र की पाँच पंचायतों के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, दून विधायक चौधरी रामकुमार, अर्की विधायक संजय अवस्थी और निगम अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
दो माह पूर्व भारी बारिश से सड़क धंसने के चलते यह रूट बंद कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कर मार्ग को फिर से सुरक्षित बनाया और निगम को प्रमाणपत्र जारी किया।
अड्डा प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि बस सुबह 7:00 और 7:20 बजे बद्दी से रवाना होगी, 8:45 बजे साईं पहुँचेगी और 10:30 बजे रामशहर से वापसी होगी। दोपहर बाद दूसरी बस 1:30 बजे बद्दी से चलेगी और 4:30 बजे रामशहर से लौटेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा बहाल होने से आवागमन आसान होगा, किसानों-बागवानों को मंडियों तक फसल पहुँचाने में सुविधा मिलेगी और निगम को भी राजस्व बढ़ेगा।









