अलका लांबा ने आरोप लगाया, मोदी सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग कर रहा है हेराफेरी
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर 23 लाख महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर की गई है, जिससे चुनाव परिणामों को प्रभावित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह हेराफेरी छह जिलों की 60 विधानसभा सीटों पर केंद्रित है, जहां 2020 में इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच करीबी मुकाबला हुआ था।

लांबा ने बताया कि गोपालगंज, सारण, बेगूसराय, समस्तीपुर, भोजपुर और पूर्णिया में लाखों महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए, जिनमें ज्यादातर दलित और मुस्लिम महिलाएं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “जब इन महिलाओं ने पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान किया था, तो अब उनके वोट को फर्जी कैसे बताया जा रहा है?”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जदयू सरकार चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में पैसे डालकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
लांबा ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी नहीं होने देगी और पांच करोड़ हस्ताक्षरों वाला अभियान शुरू कर चुकी है। उन्होंने मांग की कि मशीन रीडेबल मतदाता सूची (फोटो सहित) सार्वजनिक की जाए और मतदाता सूची में हेराफेरी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो।










