/वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह ऐतिहासिक धरोहर बनेगा – विक्रमादित्य सिंह

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह ऐतिहासिक धरोहर बनेगा – विक्रमादित्य सिंह

शिमला 5 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की 13 अक्टूबर को होने वाली प्रतिमा अनावरण समारोह को यादगार और ऐतिहासिक धरोहर बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा किया जा रहा है तथा राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन इसमें सरकार का सहयोग कर रहा है। उन्होंने फाउंडेशन के सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने सुझावों के अनुरूप कार्य करें और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। प्रदेशभर से आने वाले सभी वरिष्ठ अतिथियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।

राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनता की भावनाओं को देखते हुए वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को रिज मैदान पर स्थापित किया है और इसका अनावरण 13 अक्टूबर को केंद्रीय आलाकमान की उपस्थिति में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला, रजनी पाटिल सहित मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रीमंडल के सदस्य, विधायक तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह समारोह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित किया जाएगा और इसमें वीरभद्र सिंह के सभी चाहने वालों, समर्थकों और सहयोगियों को आमंत्रित किया जाएगा। विपक्ष के नेताओं को भी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया और फाउंडेशन के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

यह समारोह सुबह 11 बजे आयोजित होगा और लोगों को सुबह 9 बजे तक सभा स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है।

फाउंडेशन के उपाध्यक्ष तथा शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से वरिष्ठ नेताओं और आमजन के बैठने, आवागमन और सुविधाओं के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सभी सदस्य एक टीम की तरह कार्य करें और अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।

उन्होंने कहा कि यह समारोह एक ऐसे नेता की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है जो अपनी राजनीति के साथ-साथ अपने प्रेमभाव के लिए पूरे देश में लोकप्रिय थे। हिमाचल प्रदेश के आधुनिक विकास में वीरभद्र सिंह का योगदान अतुलनीय रहा है। रिज मैदान पर स्थापित उनकी प्रतिमा हमें सदैव सबको साथ लेकर प्रदेश के विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी।