बद्दी, 6 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज एस.पी. कार्यालय बद्दी में मैक्स हॉस्पिटल मोहाली के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक़ इस अवसर पर मैक्स हॉस्पिटल मोहाली की विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने लगभग 100 पुलिस कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य परामर्श शामिल थे।

इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि डॉक्टरों ने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बीमारियों की रोकथाम के उपायों पर उपयोगी सुझाव भी दिए।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने मैक्स हॉस्पिटल टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कर्मी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर रहते हैं। इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।

शिविर में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।









