मुख्यमंत्री ने नही प्रधानमंत्री ने की मृतकों के परिवार को राहत को घोषणा
शिमला(बिलासपुर ), 07 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के झंडूता उपमंडल के अंतर्गत बरठीं के समीप बालूघाट क्षेत्र में आज मंगलवार को एक निजी बस पर अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से भीषण हादसा हो गया। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी और इसमें करीब 35 यात्री सवार थे।
भारी बारिश के कारण हुए इस भूस्खलन से पूरा पहाड़ी हिस्सा बस पर आ गिरा। हादसे में अब तक 18 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि तीन बच्चियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और केंद्र सरकार राज्य प्रशासन के साथ समन्वय में हर संभव मदद कर रही है।

हादसा इतना भीषण था कि बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा गिरी और पूरा मलबा वाहन पर आ गिरा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस दर्दनाक दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि —
“राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। सभी घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और हरसंभव सहायता दी जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार सहित कई नेताओं ने शोक संवेदनाएँ व्यक्त की हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसा स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएँ, जिससे रेस्क्यू टीम को कार्य करने में कठिनाई न हो।
भारी वर्षा के चलते अगले 24 घंटे के भीतर और भूस्खलन की संभावना जताई गई है।







