रोहतांग दर्रा, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल, मणिमहेश और पांगी घाटी में ताज़ा बर्फबारी
शिमला, 7 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में भारी बारिश ने प्रदेश को एक झटके में ठंड की चपेट में ला दिया है। तापमान में एक ही दिन में 11.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में सुबह-शाम के साथ दिन के समय भी ठंड का असर दिखा। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ठंड का यह दौर जारी रहेगा।
लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची चोटियों — रोहतांग दर्रा, अटल टनल का नॉर्थ पोर्टल, दारचा, जिस्पा, सेवन सिस्टर पीक, मणिमहेश, और पांगी घाटी के सुराल, हुडान, चस्क भटोरी तथा केलाड़ क्षेत्र — में सोमवार को ताज़ा बर्फबारी हुई।

बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रे भी सफेद बर्फ की चादर से ढक गए हैं।
बर्फबारी के कारण दारचा–शिंकुला, दारचा–बारालाचा और कोकसर–लोसर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए गए हैं।

लाहौल घाटी में सबसे अधिक बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि शिमला, सोलन कुल्लू, मंडी, सिरमौर और चंबा जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है।
सोलन जिले की बाड़ी धार में पर्यटकों ने मौसम की ठंडक का आनंद लिया।
किसानों ने अपने पशुओं को बाहर निकालने में परहेज किया ।समाचार लिखे जाने तक बाडी धार तथा अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश और ठंडी लहर का प्रकोप जारी है।









