शिमला, 7 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में एक “तानाशाही कांग्रेस सरकार” चल रही है जो बात-बात पर हिमाचल की भोली-भाली जनता पर एफआईआर दर्ज करने में अग्रणी बनी हुई है।
जमवाल ने आरोप लगाया कि हाल ही में सोलन जिला के दाड़लाघाट क्षेत्र में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कुछ बच्चों, बछियों और आम जनता ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए क्योंकि लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें भोजन नहीं मिला। इस पर सरकार ने न केवल उन्हें अनसुना किया बल्कि इन मासूम बच्चियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर दी।
उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत निंदनीय और लोकतंत्र की आत्मा के विरुद्ध है। उन्होंने मांग की कि सरकार को इन बच्चियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तुरंत रद्द करनी चाहिए, और यदि कार्रवाई करनी ही थी तो उसे संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों पर करनी चाहिए थी, न कि मासूम जनता पर।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एफआईआर दर्ज करना इस कांग्रेस सरकार की एक परंपरा बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब हिमाचल प्रदेश के शिक्षकों ने अपनी आवाज उठाई थी, तब एक ही दिन में कांग्रेस सरकार ने 900 से अधिक शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज कर दी थी।
इसी प्रकार जब सचिवालय के बाहर विकलांग व्यक्तियों ने अपने अधिकारों की मांग की, तो उनके ऊपर भी एफआईआर की गई।
सचिवालय कर्मचारी संघ द्वारा प्रदर्शन करने पर कर्मचारियों पर मेमो जारी कर दिए गए और कुछ को उसी दिन लंबे तबादले (ट्रांसफर ऑर्डर) थमा दिए गए।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष द्वारा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी तक को एफआईआर का सामना करना पड़ा।
जमवाल ने कहा कि ऐसे अनेक उदाहरण हैं जो बताते हैं कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक विरोधों को कुचलने में लगी हुई है।









