राज्य महासचिव ने सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की मांग
नालागढ़ 8 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश जिला परिषद सचिव संघ ने 8 अक्तूबर तक वेतन जारी न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
संघ के राज्य महासचिव ओम प्रकाश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि सचिव वर्ग लंबे समय से अपनी सेवाएं पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ दे रहा है, लेकिन महीने के समाप्त हो जाने के बावजूद अब तक वेतन का भुगतान न होना कर्मचारियों के साथ अन्याय है, जिसे हर माह भुगतना पड़ रहा है।
राज्य महासचिव ने कहा कि आगामी तीन दिनों तक सरकारी अवकाश रहने वाला है, वहीं दूसरी ओर पंचायती राज चुनाव कार्य अपनी अंतिम तैयारियों के दौर में है। ऐसे में बिना वेतन कर्मचारियों से कार्य लेना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे कर्मचारियों का मनोबल भी कमजोर होता है।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद सचिव इस समय पंचायतों में मतदाता सूची शुद्धिकरण, चुनाव अभिलेख अद्यतन और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों में दिन-रात जुटे हुए हैं।







