बद्दी, 9 अक्तूबर ,
हिमनयन न्यूज /ब्यूरो/वर्मा।
सोलन जिले के पुलिस थाना रामशहर की टीम ने आज सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल एवं एनएसएस कैम्प मिट्टियां, तहसील रामशहर, जिला सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा निवारण के प्रति जागरूक किया गया।
इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्रों को सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाने के नियम, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग का महत्व, मोबाइल या इंटरनेट के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाया कि किसी भी प्रकार की अनहोनी या आपत्तिजनक घटना की स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है और युवाओं को सतर्क रहकर अपने तथा समाज के हित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस टीम ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
पुलिस थाना रामशहर की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा निवारण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं व अपराधों में कमी लाई जा सके।







