/मानवीय मूल्यों पर वैश्विक एकजुटता का पक्षधर भारत अनुराग सिंह ठाकुर

मानवीय मूल्यों पर वैश्विक एकजुटता का पक्षधर भारत अनुराग सिंह ठाकुर

जिनेवा (स्विट्जरलैंड), 23 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने जिनेवा में आयोजित 151वीं अंतर-संसदीय संघ (IPU) सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत संकट के समय मानवीय सिद्धांतों के पालन और वैश्विक एकजुटता का समर्थक है।

उन्होंने कहा कि भारत की भागीदारी संप्रभुता, अहस्तक्षेप और नैतिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों पर आधारित है तथा देश मानवता, तटस्थता, निष्पक्षता और स्वतंत्रता के मूल सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है।

ठाकुर ने बहुपक्षीय सहयोग में गिरावट और मानवीय निधि में कमी पर चिंता जताते हुए, संयुक्त राष्ट्र सहायता प्रणाली में सुधार और वैश्विक दक्षिण के देशों को अधिक प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने भारत के योगदानों का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत ने 49 संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में 2 लाख से अधिक कर्मियों को भेजा है और वैक्सीन मैत्री के तहत 100 देशों को 301 मिलियन टीके दिए।

ठाकुर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि NDRF ने अब तक 1.59 लाख लोगों की जान बचाई है।

उन्होंने कहा कि भारत की भागीदारी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के सिद्धांत पर आधारित है, जो वैश्विक एकजुटता और मानवीय मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।