शिमला, 25 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यकाल को ढाई वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने के सरकार के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बार-बार चुनाव से भाग रहे हैं क्योंकि उन्हें प्रदेश की जनता का रुख भलीभांति मालूम है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों और जनता के असंतोष से अवगत है, इसलिए उन्हें यह भय है कि कांग्रेस के अपने ही पार्षद मेयर पद के प्रत्याशी का समर्थन नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस यह चुनाव हारने जा रही थी, इसलिए पहले नगर निगम और निकाय चुनाव टाले गए, फिर पंचायत चुनाव स्थगित किए गए और अब मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव टालकर सरकार मैदान छोड़ रही है।”
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस निर्णय की जानकारी सरकार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में शामिल न करना उनकी नीयत में खोट को दर्शाता है।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जो सरकार दिन-रात व्यवस्था परिवर्तन का ढोल पीटती रही, वही अब चुनावों से भाग रही है क्योंकि तीन वर्षों में उसने प्रदेश को तीस साल पीछे धकेल दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि अब सरकार समर्थक तथाकथित “व्यवस्था परिवर्तन की मित्र मंडली” और “प्रचार तंत्र” इस फैसले को बेशर्मी से सही ठहराने की कोशिश करेंगे, लेकिन जनता सब जानती है और आने वाले चुनावों में जवाब देगी।







